

आदर्शवादी राजनीति के शिखर पुरुष थे चंद्रशेखरः डॉ संजय सिंह
-एसएनएच सभागार में आयोजित हुई प्रार्थना सभा, पौष्टिक आहार का हुआ वितरण
मऊः सादगी, सहजता और संवाद से लोगों को अपना बना लेने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। महान राजनीतिक होने के साथ कुशल दार्शनिक थे। देश भ्रमण के दौरान 25 हजार किमी यात्रा करने वाले चंद्रशेखर जी ने राजनीति आदर्शों के साथ कभी भी समझौता नहीं किया। गरीब परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाने के बाद भी उनकी जड़े अपनी जमीन से जुड़ी रही। उनके द्वारा स्थापित जननायक चंद्रशेखर हास्पिटल के माध्यम से ग्रामीण गरीबों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्वांजलि होगी। डॉ संजय सिंह ने यह उदगार शनिवार को शारदा नारायण हास्पिटल में व्यक्त किया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 16वीं पुण्यतिथि पर आयोजित प्रार्थना सभा-श्रद्वांजलि एवं पौष्टिक आहार वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
डॉ सुजीत सिंह ने कहा कि संबंधों का निभाने में उनका कोई सानी नहीं था। देश की राजनीति में शिखर पर रहने के बाद भी वह अपनों को निरंतर पत्र लिखा करते थे। सभी दलों में वह समान रुप से लोकप्रिय थे। उनके विचारों को मूर्त रुप देना ही उनकी सच्ची श्रद्वाजलि है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि वह सांसदों के सांसद थे। जमीन से गहरे स्तर पर जुड़ाव रखने के साथ ही दिल्ली की राजनीति में अपना विशेष प्रभाव रखते थे। इब्राहिमपट्टी स्थित उनके हास्पिटल के माध्यम से जनमानस की सेवा करना उनके सपने को साकार करने जैसा है। समाजसेवी गुड्डू चौधरी ने उनके जीवन से जुड़े कई प्रसंगों को सुनाया। कार्यक्रम का संचालन पुरुषार्थ सिंह ने किया। इस दौरान डॉ राहुल, डॉ अजय कुमार सिंह, पत्रकार समाजसेवी विकास सिंह निकुम्भ, विजय कुमार िंसंह, अश्विनी कुमार सिंह, सागर सिंह, तुफान सिंह आदि ने अपना विचार व्यक्त किया।
सुबह आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 66 मरीजों के ब्लड प्रेशर, शुगर की जॉंच की गई। इसके साथ ही 25 लोगों को पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। सायंकाल में आयुष्मान योजना से भर्ती सभी मरीजों में फल का वितरण किया गया।